मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय/संस्थान में शिक्षक दिवस-2025 के अवसर पर “शिक्षक सिर्फ भाग्य विधाता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माता भी” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं “सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशभर के 250 से अधिक विशिष्ट शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों को शॉल, स्मृति चिन्ह और प्रमाणपत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, वित्त निदेशक युवराज सिंह, प्रो. आर.एस. शर्मा, प्रो. मधु चतुर्वेदी, डॉ. यतीन्द्र कटारिया, राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित श्योनाथ सिंह आदि गणमान्य अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक श्योनाथ सिंह, राजभाषा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित डॉ. यतीन्द्र कटारिया, राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त कुलदीप त्यागी, शिक्षिका सुमन रानी, मनोज शर्मा, राजकुमार पाल सहित अनेक शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वहीं वरिष्ठ शिक्षाविद एवं दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व उपकुलसचिव प्रो. आर.एस. शर्मा और विख्यात महाकवियत्री व शिक्षाविद प्रो. मधु चतुर्वेदी को उनके अमूल्य योगदान के लिए “लाईफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार” से नवाजा गया।
अपने संबोधन में संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने कहा कि “भारत आज शिक्षित युवाओं के दम पर विश्व का सिरमौर बन चुका है और इसका श्रेय देश के उन सम्मानित शिक्षकों को जाता है, जो इन नायकों को गढ़ते हैं।” प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि अच्छी शिक्षा और ग्लोबल एक्सपोजर के दम पर भारत तेजी से विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।
प्रो. मधु चतुर्वेदी ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने आप को राष्ट्रपति कहलवाने से अधिक गौरवशाली शिक्षक कहलवाना समझा, जो गुरु की सर्वोच्चता का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनसे पूरा सभागार गूंज उठा।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. पीयूष पाण्डेय, डॉ. ऐना ऐरिक ब्राउन, डॉ. अश्विन सक्सेना, डॉ. योगेश्वर शर्मा, डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. नीतू पंवार, डॉ. राजवर्द्धन, डॉ. आशुतोष, डॉ. दर्पण कौशिक, एसएस बघेल, सीएफओ विकास भाटिया, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. ज्योति सिंह एवं अखिल कुमार ने किया।
.jpeg)

.jpeg)
No comments:
Post a Comment