News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Friday, November 20, 2026

एमआईईटी में साइंस फेस्ट-2026, 24 स्कूलों के 509 विद्यार्थियों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा

वर्किंग मॉडल प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए विज्ञान और तकनीक पर आधारित मॉडल, चार श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार देकर किया सम्मानित



मेरठ। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) परिसर में शुक्रवार को साइंस फेस्ट-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मेरठ और आसपास के 24 विद्यालयों के 509 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं तकनीक पर आधारित विभिन्न वर्किंग मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया।



कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग, मेरठ की जोनल हेड मान्या चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और नई तकनीकों के प्रति रुचि बढ़ती है।



प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के मॉडलों का मूल्यांकन बेस्ट क्रिएटिविटी, बेस्ट कॉन्सेप्ट, बेस्ट प्रेजेंटेशन और बेस्ट इनोवेशन आइडिया सहित चार श्रेणियों में किया गया। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के परिणामों में बेस्ट कॉन्सेप्ट का प्रथम पुरस्कार सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, सरधना को मिला। बेस्ट क्रिएटिविटी श्रेणी में इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, मेरठ, बेस्ट प्रेजेंटेशन में आरजी इंटर कॉलेज, मेरठ और बेस्ट इनोवेशन आइडिया श्रेणी में दीवान पब्लिक स्कूल, वेस्ट एंड रोड, मेरठ को पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी विजेता विद्यालयों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

फेस्ट में दीवान पब्लिक स्कूल, केएल इंटरनेशनल स्कूल, ऋषभ एकेडमी, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, बलराम सरस्वती शिशु मंदिर, सेंट पीटर्स एकेडमी, एमआईईटी पब्लिक स्कूल, सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज सरधना, मेपल्स पब्लिक स्कूल खतौली, रॉम्बस वर्ल्ड स्कूल, वेद इंटरनेशनल स्कूल, बीके माहेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज, आरजी इंटर कॉलेज और खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित 24 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की संयोजक डॉ. सपना देशवाल ने आयोजन का संचालन किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. संजय कुमार सिंह, प्रिंसिपल डॉ. हिमांशु शर्मा, डॉ. अंकुर गोयल, शिखा चौहान, रितिमा, सुमित, रमेश और डॉ. आशिमा का विशेष योगदान रहा। संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल और बरखा अग्रवाल ने बधाई दी।

साइंस फेस्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक कल्पनाओं को कार्यशील मॉडलों के रूप में प्रस्तुत करने और व्यावहारिक ज्ञान का प्रदर्शन करने का अवसर मिला।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here