News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Tuesday, November 17, 2026

अंतरराष्ट्रीय ईएनटी कॉन्फ्रेंस में विम्स की डॉ. श्रेया वाट्स ने बढ़ाया देश का मान, हासिल किया प्रथम स्थान

बैंकॉक में आयोजित छठवीं अंतरराष्ट्रीय ईएनटी कॉन्फ्रेंस में 40 से अधिक देशों के चिकित्सा विशेषज्ञों के बीच किया भारत का प्रतिनिधित्व, उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए मेडल एवं प्रमाणपत्र से सम्मानित।

मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के अधीन संचालित वेंक्टेश्वरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (विम्स) की पीजी रेजिडेंट एवं ईएनटी सर्जन डॉ. श्रेया वाट्स ने अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा जगत में भारत का गौरव बढ़ाया है। अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था 'वर्ल्ड साइंसटेक कॉन्फ्रेंसेज' द्वारा थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित छठवीं अंतरराष्ट्रीय ईएनटी कॉन्फ्रेंस-2026 में डॉ. श्रेया ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी उत्कृष्ट शोधपरक प्रस्तुति के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

'इनोवेटिव ईएनटी हेल्थकेयर-2026' विषय पर आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में अमेरिका, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी सहित 40 से अधिक देशों के प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं मेडिकल विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन में डॉ. श्रेया वाट्स ने 'थायराइड ग्रंथि पर न्यूरोफाइब्रोमा का प्रभाव' विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने न्यूरोफाइब्रोमा (सौम्य ट्यूमर) के कारण थायराइड ग्रंथि पर पड़ने वाले प्रभाव, बीमारी की पहचान, उपचार की संभावनाओं एवं सुरक्षित सर्जरी से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनकी प्रभावशाली प्रस्तुति को उत्कृष्ट घोषित करते हुए उन्हें प्रथम स्थान के साथ मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा मंच पर दुनिया के 40 से अधिक देशों के दिग्गज मेडिकल विशेषज्ञों के बीच संस्थान की चिकित्सक द्वारा प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे वेंक्टेश्वरा परिवार के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि केवल संस्थान की ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।

वहीं, विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति एवं संस्थापक अध्यक्ष के आधिकारिक प्रतिनिधि डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि देश-विदेश के अनुभवी चिकित्सकों, आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करते हुए विम्स मेडिकल कॉलेज को देश के अग्रणी 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' के रूप में विकसित करना विश्वविद्यालय का लक्ष्य है। डॉ. श्रेया की यह सफलता संस्थान में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा एवं शोध के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है।

डॉ. श्रेया वाट्स की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) कृष्णकांत दवे, प्रो-चांसलर एवं विम्स के प्रतिनिधि डॉ. रविकांत, वित्त निदेशक युवराज सिंह, डीन डॉ. एम.एच. प्रभु, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शिरीष पाटिल, एडिशनल मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमित जैन, ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. वी.पी. सिंह, प्रो. (डॉ.) मैत्री, हॉस्पिटल जीएम मेघा सबरवाल, मेरठ परिसर निदेशक डॉ. पंकज सिंह एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here