News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Sunday, February 8, 2026

इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पांचवीं इंटरनेशनल ओपन वाको किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप–2026 का भव्य समापन

 



नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर स्थित के.डी. जाधव इंडोर स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय पांचवीं इंटरनेशनल ओपन वाको किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप–2026 का रविवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। भारत की मेजबानी में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्व के 25 देशों से आए तीन हजार से अधिक किकबॉक्सिंग खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों (सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर) में भाग लिया।

समापन समारोह का शुभारंभ इंडियन किकबॉक्सिंग फेडरेशन के चेयरमैन श्री संतोष अग्रवाल, वर्ल्ड किकबॉक्सिंग फेडरेशन के चेयरमैन मिस्टर रॉय बेकर, श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति एवं इंडियन किकबॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. राजीव त्यागी, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्रीमती सोनल गोयल, पूर्व केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री फागन सिंह कुलस्ते, वाको इंटरनेशनल किकबॉक्सिंग टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन रोमियो डेजा तथा वरिष्ठ कवि एवं राष्ट्रीय सलाहकार डा. दिनेश रघुवंशी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं विजेता ट्रॉफी के अनावरण के साथ किया गया।

25 देशों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में फिलिस्तीन, ब्रिटेन, आयरलैंड, जर्मनी, क्रोशिया, एस्टोनिया, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, फिनलैंड, कजाकिस्तान, रूस, स्विट्जरलैंड सहित विश्व के 25 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने-अपने देशों के लिए पदक जीते।

भारत बना ओवरऑल विश्व चैंपियन

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने 22 स्वर्ण, 32 रजत एवं 44 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया और ओवरऑल विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

अंतरराष्ट्रीय गणमान्य रहे मौजूद

समापन समारोह में विभिन्न देशों के फेडरेशन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, खेल मंत्री, तकनीकी अधिकारी एवं राजनयिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर भारतीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया।

किकबॉक्सिंग को मिल रही वैश्विक पहचान : डा. राजीव त्यागी

चैंपियनशिप के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए नेशनल वाको किकबॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. राजीव त्यागी ने कहा कि भारत की मेजबानी में आयोजित इस वर्ल्ड चैंपियनशिप में विश्व के दिग्गज किकबॉक्सिंग खिलाड़ी रिंग में उतरे। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के खेल मंत्रालय द्वारा किकबॉक्सिंग को ‘खेलो इंडिया’ में शामिल किया गया है और शीघ्र ही यह खेल ओलंपिक का हिस्सा बनने जा रहा है।
उन्होंने किकबॉक्सिंग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए इंडियन किकबॉक्सिंग फेडरेशन के चेयरमैन श्री संतोष अग्रवाल के प्रयासों की सराहना की। साथ ही बताया कि आगामी अप्रैल माह में श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

सफल आयोजन पर दी शुभकामनाएं

वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने इस सफल अंतरराष्ट्रीय आयोजन पर देशवासियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। वहीं स्विट्जरलैंड के चीफ रेफरी एंटोनियो सिरेंडोलो, उज्बेकिस्तान के एडिल बायक्युजेब, इंग्लैंड के मार्श पीटर, एस्टोनिया के डेविड मार्श सहित कई अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों ने आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के प्रधान सलाहकार प्रो. (डा.) वी.पी.एस. अरोड़ा, वित्त निदेशक युवराज सिंह, कुलसचिव डा. पीयूष पांडेय, मेरठ परिसर निदेशक डा. पंकज चौधरी एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here