साहिबाबाद। इंदरप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) में इनोवेशन, डिजाइन एवं उद्यमिता बूटकैंप के तीसरे संस्करण का भव्य शुभारंभ किया गया। पांच दिवसीय यह रेजिडेंशियल बूटकैंप 10 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, डिजाइन थिंकिंग और उद्यमिता कौशल को विकसित करना है।
यह बूटकैंप अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद एवं शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है, जिसके माध्यम से देशभर के छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का केंद्रीय उद्घाटन अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के चेयरमैन प्रो. योगेश सिंह एवं सदस्य सचिव प्रो. श्यामा राठ द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ ऑनलाइन माध्यम से संयुक्त रूप से किया गया। वहीं संस्थान स्तर पर चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल एवं निदेशक प्रो. (डॉ.) देवेंद्र कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वाधवानी फाउंडेशन से डॉ. नीलम सक्सेना एवं प्रो. (डॉ.) सचिन गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने शिक्षा में नवाचार, नेतृत्व विकास, उद्यमशील सोच तथा नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप तकनीकी संस्थानों को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण ने कहा कि यह बूटकैंप छात्रों एवं शिक्षकों के लिए एक सशक्त मंच है, जो उन्हें रचनात्मकता और नवाचार के साथ समस्या-समाधान के नए दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि वास्तविक जीवन की चुनौतियों, प्रायोगिक गतिविधियों और सहयोगात्मक शिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को स्टार्टअप एवं नवाचार की जटिलताओं को समझने के लिए तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. अरविंद तिवारी ने बताया कि अब तक 187 प्रतिभागियों ने ऑफलाइन पंजीकरण कराया है, जबकि अन्य प्रतिभागियों का आगमन लगातार जारी है।


No comments:
Post a Comment