News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 22, 2026

एमआईईटी में कैंपस फ्रांस प्रतिनिधि का दौरा, छात्रों को मिले अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के अवसरों की जानकारी

मेरठ। एमआईईटी में कैंपस फ्रांस की प्रतिनिधि मुस्कान जैन का दौरा हुआ। कैंपस फ्रांस, भारत में फ्रांसीसी दूतावास की आधिकारिक संस्था है, जो फ्रांस में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य करती है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों एवं शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के अवसरों से अवगत कराना तथा वैश्विक शैक्षणिक सहयोग को मजबूत करना रहा। 

 कार्यक्रम की शुरुआत छात्र संवाद सत्र से हुई, जिसमें छात्रों को फ्रांस में उच्च शिक्षा प्राप्त करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सत्र में शैक्षणिक पाठ्यक्रम, छात्रवृत्ति, आवेदन प्रक्रिया एवं वीजा संबंधी दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही फ्रांस को किफायती एवं उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के साथ वैश्विक करियर संभावनाओं के केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया गया। दूसरे सत्र में मेरठ एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न स्कूलों के प्राचार्यों एवं काउंसलरों ने भाग लिया।

 इस दौरान छात्रों को विदेश में अध्ययन के लिए सही मार्गदर्शन प्रदान करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने बताया कि काउंसलर छात्रों के वैश्विक करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। 

 कैंपस फ्रांस भारतीय छात्रों को फ्रांस में उच्च शिक्षा के लिए विश्वविद्यालय चयन, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति, वीजा सहायता एवं प्री-डिपार्चर मार्गदर्शन उपलब्ध कराता है। साथ ही यह भारतीय और फ्रांसीसी संस्थानों के बीच शैक्षणिक साझेदारी को भी प्रोत्साहित करता है। 

 इस अवसर पर दयावती मोदी अकादमी के उपप्रधानाचार्य डॉ. विवेक यादव, प्रेसिडेंसी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. उपेंद्र कुमार भारद्वाज, छाया पब्लिक स्कूल मोदीनगर के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण त्यागी, सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश कुमार एवं शिवा एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के प्रवक्ता सचिन कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। 

 एमआईईटी चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, गौरव अग्रवाल,कैंपस निदेशक डॉ संजय कुमार सिंह,रमेश सिंह, रासायनिक अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. निकेश कुमार एवं इंटरनेशनल कोलैबोरेशन सेल मैनेजर तनुश्री जैन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम ने संस्थान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छात्रों को अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here