खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मेरठ। दिल्ली बाईपास स्थित वेंकटेश्वरा वर्ल्ड स्कूल में स्पोर्ट्स सप्ताह के तीसरे दिन विद्यालय का स्थापना दिवस और बाल दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरपर्सन डॉ. अंजुल गिरी और प्रधानाचार्या संजया वालिया ने किया।
खेल सप्ताह के तहत विद्यार्थियों ने थ्रो बॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, बाल दिवस और स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों ने गायन प्रस्तुतियां दीं। शिक्षिकाओं की ओर से प्रस्तुत लघु नाटिका ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
चेयरपर्सन डॉ. अंजुल गिरी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि स्थापना दिवस विद्यालय की उपलब्धियों को याद करने के साथ उसके नैतिक मूल्यों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का अवसर है।
प्रधानाचार्या संजया वालिया ने कहा कि चेयरपर्सन के मार्गदर्शन में विद्यालय में एआई एवं रोबोटिक्स लैब, होम साइंस लैब, डिजिटल लाइब्रेरी सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल और अन्य गतिविधियों में आगे बढ़ने के अवसर भी दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छात्र दैविक धनकर को चेयरपर्सन के सहयोग से खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन मिला, जिसके बाद उन्होंने सीबीएसई नेशनल टीम में प्रतिनिधित्व करते हुए उपलब्धि हासिल की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को समान महत्व देने पर जोर दिया गया।

No comments:
Post a Comment