News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Monday, November 28, 2022

मारपीट प्रकरण में पीड़ित युवक के बयान हुए दर्ज / जानी क्षेत्र की सिवाल चौकी से जुड़ा है मामला

सीओ सरधना ने लगाई सिपाहियों को लताड़



मेरठ। जानी थानाक्षेत्र के कस्बा सिवाल खास चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा युवक के साथ मारपीट का मामला कप्तान के दरबार में पहुंचने के बाद पीड़ित और दबंग सिपाहियों के सीओ सरधना के कार्यालय में बयान दर्ज हुए। कार्यालय में क्षेत्राधिकारी ने गुंडई दिखाने वाले सिपाहियों को जमकर लताड़ लगाई और पीड़ित युवक को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। 

गौरतलब है कि कस्बा सिवाल खास निवासी उम्मेद अली पुत्र मेहरबान अली शुक्रवार सुबह लगभग 3:00 बजे अपने घर में शादी समारोह के चलते काम में जुटा था। आरोप है कि इसी दौरान घर के बाहर बोलेरो गाड़ी में बैठे शराब के नशे में धुत सिपाहियों ने युवक से शादी की परमिशन मांगी और अभद्र व्यवहार करते हुए गाड़ी में डालने का प्रयास किया। पीड़ित युवक ने शनिवार को कप्तान कार्यालय पर शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया था कि जब उसने पुलिसकर्मियों के इस व्यहवार का विरोध किया तो उन्होंने जान से मारने का प्रयास करते हुए लोहे की टॉर्च सर पर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित युवक ने बताया कि उसके सर पर 10 टांके आए हैं। पीड़ित युवक के अनुसार मारपीट करने वाले दो सिपाही सिवाल चौकी पर तैनात है, जबकि दो अन्य उसकी जानकारी में नही है,लेकिन सामने आने पर पहचान लेगा। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि पुलिस अब उसे व परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए समझौते का दबाव बना रही है। 

सोमवार की दोपहर क्षेत्राधिकारी सरधना के कार्यालय में पीड़ित युवक और मारपीट करने वाले सिपाहियों के बयान दर्ज हुए। इस दौरान पीड़ित युवक ने सीओ आरपी शाही को आपबीती सुनाई। जिस पर सीओ ने सिपाहियों को जमकर लताड़ लगाई और पीड़ित युवक को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीड़ित का कहना है कि जब तक मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नही होगी,वह शांत नही बैठेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here