समाचार प्रकाशित करने के बाद कथित धमकी का मामला, सीओ किठौर से मिले पत्रकार संगठन के पदाधिकारी
उपज के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ किठौर सौम्य अस्थाना से मुलाकात कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया और कार्रवाई की मांग की।
संगठन की ओर से बताया गया कि उपज के सदस्य अब्दुल कादिर पुत्र वसीमुद्दीन, निवासी ग्राम ललियाना, थाना किठौर, दैनिक समाचार पत्र ‘पश्चिम पुकार’ में रिपोर्टर हैं। आरोप है कि पत्रकार ने 14 अगस्त 2026 को एक वायरल मोबाइल रिकॉर्डिंग के आधार पर जनहित से जुड़ी खबर प्रकाशित की थी। खबर में क्षेत्र में पशुओं को कथित रूप से जहर देकर मारने से जुड़े आरोपों और तालिब पुत्र अली हसन की कथित भूमिका का उल्लेख किया गया था।
उपज पदाधिकारियों के अनुसार, खबर प्रकाशित होने के बाद 15 अगस्त 2026 को तालिब की ओर से पत्रकार के खिलाफ पुलिस चौकी ललियाना में प्रार्थना-पत्र दिया गया। इसके बाद पत्रकार को चौकी बुलाकर कथित तौर पर ‘फर्जी पत्रकार’ बताते हुए उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई।
संगठन ने पुलिस अधिकारियों से मांग की कि पत्रकार के खिलाफ दिए गए प्रार्थना-पत्र की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच के नाम पर पत्रकार पर किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव न बनाया जाए। साथ ही, पत्रकार को झूठे मुकदमे में फंसाने की कथित धमकी की भी जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाए।
उपज ने यह भी मांग की कि प्रकाशित खबर में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाए। इसके अलावा तालिब के खिलाफ पूर्व में प्राप्त शिकायतों और उन पर हुई कार्रवाई की स्थिति की भी जांच कराने की मांग की गई।
संगठन ने कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी द्वारा पद का दुरुपयोग कर किसी पक्ष को अनुचित संरक्षण देने अथवा पत्रकार पर दबाव बनाने की बात सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी नियमानुसार विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकार अब्दुल कादिर की सुरक्षा और स्वतंत्र पत्रकारिता के अधिकार सुनिश्चित करने की भी मांग की। उपज ने कहा कि पत्रकारों को जनहित में समाचार प्रकाशित करने के कारण किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी या उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इस दौरान उपज के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जयवीर त्यागी, संगठन महामंत्री ताज मोहम्मद, मंत्री रवि गौतम, मंत्री गौरव सैनी, शाहरुख चौधरी, रिजवान अहमद सहित अन्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment