दो दिवसीय आयोजन में भारत समेत दक्षिण अमेरिका, मलेशिया और स्पेन के शोधकर्ता करेंगे सहभागिता, 148 शोध पत्रों पर होगी चर्चामेरठ। परतापुर बाईपास स्थित मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में नवीनतम नवाचारों पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का आयोजन मेरठ उद्यमी फाउंडेशन एवं एमआईटी के अप्लाइड साइंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविद, वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं उद्योग विशेषज्ञ अत्याधुनिक तकनीकों और नवाचारों पर अपने विचार साझा करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के संयोजक डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में साइंस एंड टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस, रिन्यूएबल एनर्जी, एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग तथा इमर्जिंग रिसर्च एरियाज जैसे समकालीन विषयों पर कुल 148 शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में प्रस्तुत होने वाले शोध पत्रों में दक्षिण अमेरिका, मलेशिया और स्पेन सहित कई देशों के शोधकर्ताओं का योगदान रहेगा। इसके अलावा दिल्ली, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों के शिक्षाविद एवं शोधकर्ता भी अपने शोध प्रस्तुत करेंगे।
सम्मेलन की एक विशेषता यह होगी कि शोध पत्रों पर चर्चा ऑफलाइन और ऑनलाइन (हाइब्रिड मोड) दोनों माध्यमों से की जाएगी, जिससे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित होगी।
सम्मेलन में आईआईटी दिल्ली के प्रो. (डॉ.) अनुराग शर्मा, आईआईटी दिल्ली कैंपस, अबू धाबी संयुक्त अरब अमीरात के डॉ. दिबाकर रक्षित तथा सेंटर फॉर टेलीकम्युनिकेशंस एंड टेक्नोलॉजी, स्पेन के वरिष्ठ शोधकर्ता डॉ. सत्येंद्र कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट वक्ता के रूप में अपने विचार साझा करेंगे।
इस दौरान एमआईटी कैंपस निदेशक डॉ केएलए खान, प्रिंसिपल डॉ हिमाँशु शर्मा,सचिन गुप्ता, प्रिंसिपल डॉ नीरज कांत शर्मा, रितिमा,मीडिया हेड ग्रुप अजय चौधरी, सचिन गुप्ता, डा.हिमांशु सिरोही का सहयोग रहेगा।
आयोजकों के अनुसार, यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शोध, नवाचार, उद्योग एवं अकादमिक जगत के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवाद एवं ज्ञान साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। सम्मेलन के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीन शोध, आधुनिक तकनीकों और भविष्य की संभावनाओं पर सार्थक विमर्श किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment