गाजियाबाद, 15 सितंबर। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपेक), गाजियाबाद में मंगलवार को इंजीनियर्स डे-2026 उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य फोकस नवाचार, रचनात्मकता, समस्या समाधान और राष्ट्र निर्माण रहा। आयोजन द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), गाजियाबाद लोकल सेंटर और इंजीनियर्स क्लब एनसीआर (इंडिया) के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईपेक के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. अमित जैन ने कहा कि इंजीनियर्स डे विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर देता है कि तकनीकी ज्ञान के साथ रचनात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्रीय चुनौतियों का समाधान कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग केवल तकनीकी दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के लिए उपयोगी समाधान विकसित करने की जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में अरविंद कुमार मिश्रा, पूर्व सीईओ, एनएमडी, भूटान हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड, भूटान मुख्य अतिथि रहे। पवन अग्रवाल, चीफ इंजीनियर, यूपीपीवीएनएल, गाजियाबाद जोन-1 विशिष्ट अतिथि रहे। उत्तर प्रदेश विकास प्राधिकरण के हेड-प्लानिंग इंजीनियर सतीश गौर भी मौजूद रहे।
इस दौरान आईपेक के छात्रों ने विभिन्न तकनीकी प्रोजेक्ट और इनोवेटिव मॉडल प्रदर्शित किए। श्रीराम पिस्टन्स गाजियाबाद, मदरसन सुमी सिस्टम्स नोएडा और एलएंडटी नोएडा समेत विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने छात्रों के प्रोजेक्ट देखे और उनकी सराहना की। उद्योग विशेषज्ञों ने छात्रों से संवाद करते हुए वास्तविक जीवन की समस्याओं पर आधारित समाधान विकसित करने तथा अकादमिक शिक्षा को उद्योग की आवश्यकताओं से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के वाइस चेयरमैन पुनीत गोयल ने किया। इस अवसर पर अमरीश गर्ग, इंजीनियर्स क्लब एनसीआर के चीफ कोऑर्डिनेटर सत्यम अग्रवाल, शिक्षक, छात्र और अन्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता के साथ रचनात्मकता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।



No comments:
Post a Comment