News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 15, 2026

वेंक्टेश्वरा में 12 दिवसीय गणपति उत्सव का भव्य शुभारंभ, बप्पा के जयकारों से गूंजा परिसर




मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय एवं विम्स के संयुक्त तत्वावधान में 12 दिवसीय गणपति उत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। गणेश चतुर्थी से शुरू हुआ यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर गणपति विसर्जन के साथ संपन्न होगा। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, भजन संध्या, आध्यात्मिक विमर्श और संगीत प्रस्तुतियों समेत एक दर्जन से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उत्सव के पहले दिन संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, डॉ. मधु चतुर्वेदी और विम्स कल्चरल कमेटी की चेयरपर्सन डॉ. सुप्रीति भटनागर सहित हजारों छात्र-छात्राओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच गणपति बप्पा की विशाल प्रतिमा को परिसर के इकोपार्क स्थित पूजा पंडाल में स्थापित किया। आचार्य रामनिवास शास्त्री के सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने गणपति के भजनों और गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। ‘देवा श्री गणेश देवा’, ‘घर में पधारो गजानन जी’, ‘मोरिया रे मोरिया’ और ‘देवा ओ देवा’ जैसे भजनों पर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने माहौल भक्तिमय बना दिया। गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि विघ्नहर्ता गणपति की आराधना से जीवन में दुख, अशांति और नकारात्मकता का नाश होता है तथा सुख, समृद्धि, आरोग्य और शांति का आगमन होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं से युवा पीढ़ी को जोड़ने का माध्यम भी हैं।

प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में भगवान गणेश की आराधना का विशेष महत्व है। सिद्धिविनायक की पूजा-अर्चना से विद्यार्थियों और शिक्षकों को जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण का केंद्र

आयोजन के तहत 16 सितंबर को जयपुर घराने के शास्त्रीय गायक एवं संगीतकार डॉ. पं. शिवदर्शन दुबे की भजन संध्या आयोजित होगी। वहीं 17 सितंबर को पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा गणपति महोत्सव के आध्यात्मिक महत्व पर विचार साझा करेंगे। इसके अलावा कवयित्री मधु चतुर्वेदी, ओज कवि डॉ. राहुल अवस्थी और डॉ. चेतन आनंद की प्रस्तुतियां भी होंगी। नासिक, महाराष्ट्र से आने वाला विशेष गणपति बैंड भी अपनी संगीत प्रस्तुति देगा। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों समेत एक दर्जन से अधिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कृष्ण कांत दवे, वित्त निदेशक युवराज सिंह, प्रतिकुलपति डॉ. मानस रंजन, कुलसचिव डॉ. पीयूष कुमार पांडेय, डीन एमएच प्रभु, एमएसएस डॉ. शिरीष पाटिल, डॉ. रोहन सुरैना, डॉ. प्रणव ठाकरे, मिहिर धावेल, संकल्प जैन, एसएस बघेल, मुख्य आयोजक डॉ. अनिकेत पंत, डॉ. वेदांत घाघरे, डॉ. अभिषेक कटियार, डॉ. आईना माथुर, मेरठ परिसर से डॉ. पंकज सिंह और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित विश्वविद्यालय एवं विम्स के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here