News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 22, 2026

आईपीईसी में भारतीय वायुसेना की टीम ने छात्रों को करियर के अवसरों से कराया परिचित

ग्रुप कैप्टन सुजाता तिवारी ने युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश



गाजियाबाद। इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी), गाजियाबाद में भारतीय वायुसेना की ओर से एक करियर जागरूकता एवं छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना की ग्रुप कैप्टन सुजाता तिवारी एवं उनकी टीम ने छात्रों से संवाद करते हुए उन्हें वायुसेना में उपलब्ध करियर अवसरों, चयन प्रक्रिया और राष्ट्रसेवा के महत्व से अवगत कराया।

यह कार्यक्रम कॉलेज के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, डायरेक्टर (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट) आकांक्षा अग्रवाल तथा कैंपस डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) डी.के. शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीन एकेडमिक्स, डीन-सीएसई एलाइड, विभिन्न विभागाध्यक्षों एवं संकाय सदस्यों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय वायुसेना में उपलब्ध विविध करियर विकल्पों से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करना था। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन सुजाता तिवारी ने छात्रों को वायुसेना में अधिकारी बनने की योग्यता, चयन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, करियर विकास, प्रोन्नति के अवसर और सेवा से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश की सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, ईमानदारी और समर्पण का सर्वोच्च मंच है। उन्होंने छात्रों से अपने व्यक्तित्व में इन मूल्यों को अपनाने और देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए भारतीय वायुसेना की टीम ने छात्रों के बीच एक इंटरैक्टिव क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेताओं एवं प्रतिभागियों को भारतीय वायुसेना की ओर से आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डायरेक्टर (ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट) आकांक्षा अग्रवाल ने ग्रुप कैप्टन सुजाता तिवारी एवं उनकी टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आईपीईसी अपने विद्यार्थियों को उद्योग, रक्षा सेवाओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों से जोड़ने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि छात्रों को व्यापक करियर अवसरों की जानकारी मिल सके।

कार्यक्रम का सफल संचालन हरिप्रिया सपाम ने किया। वहीं कार्यक्रम के मीडिया कवरेज एवं दस्तावेजीकरण में कॉलेज मीडिया टीम के अनमोल एवं ऋषि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों एवं प्रेरणादायक क्षणों को प्रभावी ढंग से रिकॉर्ड कर कॉलेज समुदाय तक पहुंचाने का कार्य किया।

कार्यक्रम के अंत में इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज ने ग्रुप कैप्टन सुजाता तिवारी एवं भारतीय वायुसेना की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रेरणादायी मार्गदर्शन विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा और उत्कृष्ट करियर की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here