वृहद नेत्र जांच एवं चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 400 से अधिक वाहन चालकों का परीक्षण
मेरठ। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत वेंक्टेश्वरा समूह के मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल विम्स एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के संयुक्त तत्वावधान में एक वृहद नेत्र जांच एवं चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मेरठ एवं मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत चार विभिन्न टोल प्लाजा पर आयोजित किया गया, जिसमें 400 से अधिक बस, ट्रक, ऑटो, टेंपो एवं अन्य वाहन चालकों की नि:शुल्क नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, भारतीय सड़क ब्यूरो के वरिष्ठ प्रबंधक ललित मोहन तिवारी, एनएचएआई मैनेजर जयवर्धन सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुरेश जी मेहता, निदेशक अजय श्रीवास्तव एवं जीएम हॉस्पिटल मेघा सबरवाल द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता से सुनिश्चित होती है। उन्होंने इसे सरकार की एक उत्कृष्ट पहल बताते हुए कहा कि वेंक्टेश्वरा संस्थान के छात्र-छात्राएं आगामी एक माह तक मेरठ एवं मुरादाबाद मंडल सहित वेस्ट यूपी क्षेत्र में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों को नियमित रूप से सीट बेल्ट लगाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाएंगे।
प्रतिपालक डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण, आंखों की जांच, नशे में वाहन न चलाने की आदत तथा यातायात नियमों के पालन से देश में प्रतिवर्ष सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली साढ़े चार लाख से अधिक मौतों को रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
शिविर के दौरान नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. किशोर गोवेकर, डॉ. आलोक गुप्ता, डॉ. अदिति बंसल, वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. सिद्धार्थ डे, डॉ. प्रणब, डॉ. रजत, आनंद नागर, शैलेंद्र सिंह सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा वाहन चालकों का परीक्षण किया गया।
कार्यक्रम में टोल एचआर मैनेजर तरुण तिवारी, टीआई अनुज मलिक, मोहित, योगेश शर्मा, मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, चिकित्सकगण, एनएचएआई अधिकारी एवं वेंक्टेश्वरा संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने वेंक्टेश्वरा समूह की इस पहल को सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक अनुकरणीय मॉडल बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

No comments:
Post a Comment