मेरठ। परतापुर बाईपास स्थित मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) में कालका डेंटल कॉलेज के सहयोग से निशुल्क डेंटल चेकअप कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को दांतों से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया तथा ओरल हेल्थ पर एक जानकारीपूर्ण सेमिनार भी आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसी क्रम में एक रोचक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कैंप के दौरान ढाई सौ से अधिक छात्र-छात्राओं का निशुल्क ओरल हेल्थ चेकअप किया गया। विशेषज्ञों द्वारा छात्रों को दांतों की सही देखभाल के बारे में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, जरूरतमंद विद्यार्थियों को मुफ्त परामर्श और दवाइयां भी वितरित की गईं।
कालका डेंटल कॉलेज से जन स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रीनू सिरोही, मनोविज्ञान विभाग की सहयोगी प्रोफेसर डॉ. सीमा शर्मा, सहायक प्रोफेसर डॉ. मोनिका एवं डॉ. सिद्धिय वर्मा ने कैंप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान, प्रिंसिपल डॉ. हिमांशु शर्मा, प्रिंसिपल (फार्मेसी) डॉ. नीरज कांत शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. गौरव शर्मा, रितिमा, आउटरीच हेड शिखा चौहान, सिमरन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन ने छात्रों में ओरल हेल्थ के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की अहमियत को भी रेखांकित किया।


No comments:
Post a Comment