News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Wednesday, March 25, 2026

अंतरराष्ट्रीय शिक्षा की ओर कदम: इटली में उच्च शिक्षा अवसरों पर यूनि इटालिया का आईपीईसी में संवाद

साहिबाबाद। औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 स्थित इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) में यूनि इटालिया के प्रतिनिधियों ने छात्रों, स्कूल प्रिंसिपलों एवं काउंसलरों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया। यूनि इटालिया, भारत में इटली दूतावास द्वारा समर्थित एक आधिकारिक संस्था है, जो भारतीय छात्रों को इटली में उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ने का कार्य करती है।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों के लिए आयोजित एक जानकारीपूर्ण सत्र से हुई, जिसका संचालन यूनि इटालिया की एसोसिएट रूबी थॉमस ने किया। इसके पश्चात यूनि इटालिया इंडिया कार्यालय के समन्वयक अर्कप्रभा बिस्वास तथा इटैलियन भाषा समन्वयक रोसेला ने आमंत्रित स्कूल प्रिंसिपलों व काउंसलरों से संवाद स्थापित किया।

इस दौरान प्रतिनिधियों ने भारतीय छात्रों के लिए इटली में उपलब्ध उच्च शिक्षा के बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डाला और वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने इटली में अध्ययन के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की व्यावहारिक जानकारी भी साझा की।

यूनि इटालिया टीम ने भारत में इटैलियन भाषा के प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि स्कूल स्तर पर जागरूकता बढ़ाकर छात्रों को इटली की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संभावनाओं से अवगत कराया जा सकता है।

संवाद सत्र में क्षेत्र के 12 विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल एवं काउंसलर उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को छात्रों के वैश्विक भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए सराहना की।

यह पहल यूनि इटालिया एवं आईपीईसी, साहिबाबाद के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जिसका उद्देश्य भारतीय छात्रों के बीच अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें इटली जैसे देशों में उच्च शिक्षा के नए अवसरों से जोड़ना है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here