मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय ने जापान की प्रतिष्ठित सेवायोजन कंपनी ‘ईरिस सोल्यूशन्स’ के साथ ट्रेनिंग, प्लेसमेंट, शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में शैक्षणिक सहयोग के लिए महत्वपूर्ण सहमति बनाई है। इस समझौते के तहत नर्सिंग, फार्मेसी, हेल्थ साइंस, एग्रीकल्चर, एप्लाइड साइंस और होटल मैनेजमेंट सहित विभिन्न क्षेत्रों के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर जापान के टोक्यो से आई ईरिस सोल्यूशन्स की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिस ईरिको नोडा तथा भारत में कंपनी के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) ईशान अग्रवाल का विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पारंपरिक तरीके से पटका, पगड़ी और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।
विश्वविद्यालय के डॉ. सी.वी. रमन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मां की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, कुलसचिव डॉ. पीयूष कुमार पांडेय सहित अनेक वरिष्ठ शिक्षाविद उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में ईरिस सोल्यूशन्स की CEO मिस ईरिको नोडा ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और यहां के युवा प्रतिभा से परिपूर्ण हैं। उन्होंने वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के साथ इस सहयोग को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल दोनों देशों के बीच कौशल विकास और रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगी।
संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरि ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने छात्रों के लिए जापान में बेहतर प्लेसमेंट और सुरक्षित करियर अवसर सुनिश्चित करने को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
वहीं, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने जानकारी दी कि विभिन्न संकायों के प्रतिभाशाली छात्रों को अगले माह से विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें जापान में रोजगार के लिए तैयार किया जा सके।
ईरिस सोल्यूशन्स के COO ईशान अग्रवाल ने कहा कि जापान विश्व के सबसे सुरक्षित और उन्नत कार्यस्थलों में से एक है, जहां प्रशिक्षित विदेशी युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में असीम संभावनाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम में निदेशक (एकेडमिक) डॉ. राजेश सिंह, डॉ. नीतू पंवार, डॉ. राजवर्धन, डॉ. एस.के. श्रीवास्तव, डॉ. थॉमस, डॉ. रीना जोशी, डॉ. ओमप्रकाश गोसाईं, डॉ. अश्विनी सक्सेना, डॉ. आशुतोष, डॉ. ऐना एरिका ब्राउन, डॉ. सुमन, डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. योगेश्वर शर्मा, डॉ. मंजरी राणा, डॉ. आशिया वाहिद, डॉ. मनीष, डॉ. स्नेहलता, डॉ. ज्योति, एस.एस. बघेल, मेरठ परिसर से निदेशक डॉ. पंकज कुमार एवं मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment