मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया डिज़ाइन वीक 2026 के ग्रैंड फिनाले में स्थान बनाया है। आईसीटी अकादमी द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का फिनाले 21 एवं 22 अप्रैल को नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा।
ग्रैंड फिनाले के लिए चयनित छात्रों में नमित कंबोज, विशाल त्यागी, आदित्य शर्मा, परमजीत सहारावत, निर्भय लोहिया एवं रुद्र प्रताप सिंह शामिल हैं। इन छात्रों ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से न केवल अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया, बल्कि सैद्धांतिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप में लागू कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी बनाई।
संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल और गौरव अग्रवाल ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह ने कहा कि संस्थान उद्योगोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) विपिन कुमार शर्मा ने इसे छात्रों की मेहनत, प्रभावी मार्गदर्शन और सुनियोजित प्रशिक्षण का परिणाम बताया।
इस उपलब्धि में शैलेंद्र भाटी एवं डॉ. राजेश कुमार मौर्य के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह सफलता छात्रों की प्रतिभा और संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का सशक्त प्रमाण है।
No comments:
Post a Comment