मेरठ। बासमती निर्यात विकास फाउंडेशन द्वारा, एपीडा (कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण), वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 23 अप्रैल 2026 को बासमती बीज वितरण मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य किसानों को उन्नत एवं प्रमाणित बासमती प्रजातियों के बीज उपलब्ध कराना तथा उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक करना है।
मेले में किसानों को बासमती की प्रमुख प्रजातियों जैसे पूसा बासमती 1121, पूसा बासमती 1885, पूसा बासमती 1718, पूसा बासमती 1509, पूसा बासमती 1692, पूसा बासमती 1, पूसा बासमती 1401 एवं पूसा बासमती 1847 के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। बीजों का वितरण “प्रथम आओ-प्रथम पाओ” के आधार पर किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें।
आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्षों की तरह इस बार भी पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। मेले के दौरान एक किसान गोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें कृषि विशेषज्ञ किसानों को बासमती की उन्नत खेती, उत्पादन बढ़ाने के उपायों तथा बाजार से जुड़ी जानकारी प्रदान करेंगे।
बीज 10 किलोग्राम के पैकेट में 100 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध होंगे। सभी बीज उच्च गुणवत्ता वाले तथा डीएनए प्रमाणित होंगे, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। यह मेला किसानों के लिए लाभकारी साबित होने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment