मेरठ। एमआईईटी में माइक्रोसॉफ्ट एज्योर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लैब का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माइक्रोसॉफ्ट एज्योर विषय पर एक विशेषज्ञ सत्र का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को क्लाउड कंप्यूटिंग एवं नवीनतम डिजिटल तकनीकों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माइक्रोसॉफ्ट मोस्ट वैल्यूएबल प्रोफेशनल एवं प्रख्यात तकनीकी विशेषज्ञ श्री सार्थक जैन रहे। उन्होंने अपने संबोधन में माइक्रोसॉफ्ट एज्योर एवं क्लाउड कंप्यूटिंग के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकें आईटी उद्योग के भविष्य को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर नई तकनीकों को सीखने और स्वयं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
नव स्थापित एज्योर सीओई लैब के माध्यम से छात्रों को क्लाउड आधारित तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होगा। इस लैब में छात्र क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे क्षेत्रों में प्रोजेक्ट्स पर कार्य कर सकेंगे, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता और बढ़ेगी।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) एस. के. सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव कुमार, एसोसिएट डीन (सीएसई, आईटी एवं संबद्ध शाखाएं) डॉ. कृष्णा शर्मा, विभागाध्यक्ष (एआई एवं एमएल) डॉ. रामवीर सिंह एवं विभागाध्यक्ष (सीएसई–आईओटी) डॉ. प्रवीण कुमार मिश्रा भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सीएसई (आईओटी) एवं सीएसई (डेटा साइंस) विभाग द्वारा की गई इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाएं छात्रों को भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में माइक्रोसॉफ्ट एज्योर की एसपीओसी मीतू मान भी मौजूद रहीं। उन्होंने छात्रों को इस लैब का अधिकतम उपयोग करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह उनके तकनीकी कौशल को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगी।
उद्घाटन के उपरांत श्री सार्थक जैन द्वारा माइक्रोसॉफ्ट एज्योर पर एक इंटरैक्टिव विशेषज्ञ सत्र आयोजित किया गया। सत्र के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने प्रश्न रखे और विषय से संबंधित विचार साझा किए।
एमआईईटी द्वारा स्थापित यह एज्योर सीओई लैब छात्रों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा एवं उद्योगोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो अकादमिक और उद्योग के बीच की दूरी को कम करने में सहायक सिद्ध होगा।
No comments:
Post a Comment