मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) के बीसीए विभाग की छात्राओं मानसी और वंशिका शर्मा ने “17 कलर्स ऑफ चेंज इंटर-कॉलेज क्रिएटिव चैलेंज 2026 में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता काईट यूनिवर्सिटी मुरादनगर गाज़ियाबाद के डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशंस द्वारा 11 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में मानसी ने डिजिटल पोस्टर श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अपनी रचनात्मकता और सतत विकास लक्ष्यों के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 10 हज़ार की नकद राशि से सम्मानित किया गया।
वहीं, वंशिका शर्मा ने आइडिया पिच श्रेणी में तृतीय स्थान हासिल कर अपनी नवाचार क्षमता और दूरदर्शी सोच का परिचय दिया। उन्हें 3 हज़ार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यार्थियों को रचनात्मक एवं नवाचारपूर्ण योगदान के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए, जिससे उन्हें वैश्विक मुद्दों पर अपनी समझ विकसित करने का अवसर मिला।
दोनों छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए काईट यूनिवर्सिटी के गणमान्य अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
संस्थान के प्रबंधन एवं शिक्षकों ने छात्राओं की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि एमआईटी के छात्रों की प्रतिभा, समर्पण और उत्कृष्टता का प्रतीक है, जो संस्थान की गुणवत्ता शिक्षा एवं नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

No comments:
Post a Comment