News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Saturday, February 3, 2024

कैंसर का जल्द पता लगने पर बच सकती है जान : डॉ सुधि अग्रवाल

एमआईटी में विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता सेमिनार का हुआ आयोजन

कैंसर से बचने के लिए जागरूकता जरूरी है : डॉ सुधि अग्रवाल 



मेरठ। पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब के सहयोग से मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में विश्व कैंसर दिवस की पूर्व संध्या पर जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैंसर विशेषज्ञ डॉ सुधि अग्रवाल कम्बोज, विशिष्ट अतिथि डायटिशियन डॉ खुशबू अग्रवाल, पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब के निदेशक आयुष पीयूष गोयल, वरिष्ठ समाजसेवी विपुल सिंघल, निदेशक डॉ सोमेंद्र शुक्ला और अजय चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जागरूकता सेमिनार में एमआईटी एनएसएस इकाई, एमआईटी महिला प्रकोष्ठ, उन्नत भारत अभियान, मेरठ उद्यमी फाउंडेशन का सहयोग रहा।



इस अवसर पर बोलते हुए कैंसर विशेषज्ञ डॉ सुधि अग्रवाल कम्बोज ने कहा कि कैंसर हमारे देश में मौत का एक प्रमुख कारण है, पिछले वर्ष में 8.5 लाख लोगों की मौत हुई थी। हालत अक्सर डर पैदा करती है जो अज्ञानता और गलत धारणा से आती है। 30% से अधिक कैंसर के मामलों को जीवनशैली में बदलाव करके या प्रमुख जोखिम कारकों से परहेज करके रोका जा सकता है। कैंसर से बचने के लिए जागरूकता जरूरी है। कैंसर का शीघ्र पता लगने से जान बचाई जा सकती है।

डायटिशियन डॉ खुशबू अग्रवाल ने छात्रों को चीनी,मेदा,चावल आदि कम से कम मात्रा में खाने पर जोर दिया। बच्चों को जंक फूड से परहेज करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि स्वस्थ भोजन करने से हमारे शरीर में एंटीऑक्सीडेंट का निर्माण होता है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर शरीर को स्वस्थ बनाता है।

पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब के निदेशक आयुष पीयूष गोयल ने कहा कि आज कैंसर जैसी घातक जानलेवा बीमारी सबसे अधिक महिलाओं में देखी जा रही है। महिलाओं में स्तन कैंसर और बच्चेदानी में कैंसर के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इसीलिए बहुत जरूरी हो गया है कि महिलाएं इसके बारे में जाने और सावधान रहें। 

वरिष्ठ समाजसेवी विपुल सिंघल ने कैंसर को लेकर लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने की अपील की, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी इस घातक रोग से मुक्त जीवन जी सके। 

इस अवसर पर फार्मेसी के प्राचार्य डॉ नीरज कांत शर्मा, अजय चौधरी, रितिमा, एचआर सोनल अहलावत, जोनी,अखिल गौतम, कविता शर्मा मौजूद रहे। मंच संचालन कविता शर्मा ने किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here