अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर 151 महिला पुलिसकर्मियों को किया गया सम्मानित
मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अमरोहा पुलिस द्वारा ‘नारी शक्ति सम्मान-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में बहादुरी, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाली 151 महिला पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम आजाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक आईपीएस अमित कुमार आनंद, विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, विख्यात साहित्यकार एवं कवयित्री प्रो. डॉ. मधु चतुर्वेदी तथा सर्किल ऑफिसर एवं कार्यक्रम संयोजक अंजलि कटारिया ने सरस्वती मां की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस, धैर्य, अनुशासन और सूझबूझ के बल पर पुलिस विभाग में अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने बताया कि अमरोहा पुलिस की महिला कर्मियों ने सैकड़ों बच्चों की जान बचाने, पारिवारिक विवादों और तलाक जैसे मामलों को आपसी सहमति से सुलझाने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा दुर्घटनाओं के दौरान पीड़ितों की मदद करने जैसे सराहनीय कार्य किए हैं। इसके अलावा बाल मजदूरी और जबरन भीख मंगवाने जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि आज मातृशक्ति की उपलब्धियों के बल पर भारत फिर से विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। खेल, कला, विज्ञान, प्रशासन और राजनीति सहित हर क्षेत्र में महिलाएं न केवल पुरुषों के बराबर कदम मिला रही हैं, बल्कि कई क्षेत्रों में उनसे आगे बढ़कर देश और विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अक्टूबर 2025 से मिशन शक्ति और महिला सहायता केंद्रों की टीमों ने 1500 से अधिक पारिवारिक विवादों का समाधान आपसी सहमति से कराया है।
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि वेंकटेश्वरा परिवार बहादुर महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विख्यात कवयित्री प्रो. डॉ. मधु चतुर्वेदी ने मातृशक्ति के सम्मान में काव्य पाठ प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं प्रसिद्ध क्लासिकल नृत्यांगना अनुपमा कौशिक ने अपनी मनमोहक शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
सम्मानित होने वाली प्रमुख महिला पुलिस अधिकारियों में डिप्टी एसपी अंजलि कटारिया, मिशन शक्ति जिला प्रभारी वंदना चौधरी, अलका चौधरी, रजबपुर थाना अध्यक्ष कोमल तोमर सहित दो दर्जन से अधिक महिला उपनिरीक्षक और विभिन्न थानों एवं मिशन शक्ति केंद्रों से जुड़ी 122 महिला कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल शामिल रहीं।
इस अवसर पर सीओ सिटी अभिषेक यादव, सीओ नौगावा सादात अवधमान भदौरिया, सीओ हसनपुर पंकज त्यागी, पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी इंस्पेक्टर हरिश्वर्धन सहित सैकड़ों पुलिसकर्मी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
.jpeg)
No comments:
Post a Comment