शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, योग, आध्यात्म, संस्कृति और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों की तीन दर्जन महिलाओं को किया गया सम्मानित
मेरठ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित वेंक्टेश्वरा संस्थान में “वेंक्टेश्वरा मातृशक्ति सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, योग, आध्यात्म, संस्कृति और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली करीब तीन दर्जन महिलाओं को पटका, पगड़ी और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय में एक विशेष पहल के तहत सभी शीर्ष पदों पर मातृशक्ति को स्थान दिया गया और महिलाएं अग्रिम पंक्ति में विराजमान रहीं, जबकि प्रबंधन एवं प्रशासन के पुरुष अधिकारी एवं कर्मचारी नारी शक्ति के सम्मान में पिछली पंक्ति में खड़े होकर महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते दिखाई दिए।
डाॅ. सी.वी. रमन सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि, प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी, विख्यात साहित्यकार एवं कवयित्री तथा वेंक्टेश्वरा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की अध्यक्षा डाॅ. मधु चतुर्वेदी, प्रभारी कुलपति युवराज सिंह तथा ब्रह्मकुमारी संस्था की बी.के. विमल देवी सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मातृशक्ति के सम्मान में काव्य पाठ, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति पर महामहिम द्रौपदी मुर्मू तथा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल पद पर महामहिम आनंदी बेन पटेल का आसीन होना इस बात का प्रतीक है कि भारत में महिलाओं का सम्मान और स्थान सर्वोच्च है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ-बेटी खिलाओ” तथा “नारी वंदन” जैसी योजनाओं से देश में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है।
प्रतिकुलाधिपति डाॅ. राजीव त्यागी ने कहा कि भारत की संस्कृति में सदियों से मातृशक्ति का वंदन होता आया है और समाज में महिलाओं का स्थान सदैव सम्माननीय रहा है।
समारोह में सम्मानित होने वाली प्रमुख महिलाओं में विख्यात साहित्यकार एवं महाकवयित्री डाॅ. मधु चतुर्वेदी, ब्रह्मकुमारी संस्था की बी.के. विमल दीदी, बी.के. निर्दोष दीदी, बी.के. रचना दीदी, मानविकी विभाग से डाॅ. स्नेहलता गोस्वामी, पैरामेडिकल क्षेत्र से डाॅ. रीना जोशी और दीक्षा, नर्सिंग से डाॅ. मंजरी राणा और डाॅ. करूणा जोशी, कृषि क्षेत्र से डाॅ. ज्योति सिंह और डाॅ. आशिया वाहिद, शोध क्षेत्र से डाॅ. शिल्पा रैना, प्रबंधन क्षेत्र से डाॅ. अंशु, डाॅ. शहजादी खातून, डाॅ. श्रद्धा पाण्डेय, इन्दुवाला, अनुषा कर्णवाल, हुमा कौसर, निशा, सुमनदीप कौर, शिवानी, अंजलि ठाकुर सहित अन्य महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एस.एस. बघेल, डाॅ. अरुण कुमार गोस्वामी, डाॅ. विकास कुमार पाण्डेय, डाॅ. श्रीराम गुप्ता, शक्ति ध्वज, डाॅ. पंकज कुमार तथा मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
No comments:
Post a Comment