News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Monday, June 22, 2026

चीन में आईआईएमटी विश्वविद्यालय के छात्रों ने बढ़ाया भारत का मान, अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

 


मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के छात्रों ने चीन के कुनमिंग स्थित युन्नान यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रतिष्ठित चीन-दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्व एशिया यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम-2026 में सहभागिता कर भारत एवं विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया। 7 से 18 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में एशिया के विभिन्न देशों के प्रमुख विश्वविद्यालयों के छात्र एवं शिक्षाविद शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि आईआईएमटी विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश का एकमात्र निजी विश्वविद्यालय रहा, जिसे इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया।

विश्वविद्यालय की ओर से डायरेक्टर इंटरनेशनल अफेयर्स एंड एडमिशन आर.के. शर्मा के नेतृत्व में जोया खान (एमबीए प्रथम वर्ष), मुकेश पाल (बीटेक सीएस अंतिम वर्ष) तथा तनुषा साहू (बीटेक सीएस-एआईएमएल तृतीय वर्ष) ने कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संवादात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

आर.के. शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न देशों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, शैक्षणिक सहयोग और वैश्विक सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञ व्याख्यान, संवाद सत्र, फील्ड स्टडी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के साथ विचार-विमर्श जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं, जिन्होंने विद्यार्थियों को वैश्विक दृष्टिकोण प्रदान किया।

आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में भागीदारी से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है तथा उन्हें वैश्विक स्तर पर हो रहे शैक्षणिक और सामाजिक परिवर्तनों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि आईआईएमटी विश्वविद्यालय वैश्विक संस्थानों के साथ शैक्षणिक सहयोग को निरंतर विस्तार दे रहा है, जिससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव और बेहतर करियर अवसर प्राप्त हो सकें। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की बढ़ती वैश्विक पहचान और उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here