News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Monday, July 20, 2026

आईपीईसी और वाधवानी फाउंडेशन ने एमएसएमई के लिए 'गो-टू-मार्केट एक्सीलेंस' ग्रोथ वर्कशॉप का किया सफल आयोजन

- डिजिटल युग में छोटे एवं मध्यम उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने पर विशेषज्ञों ने दिए व्यावहारिक सुझाव





साहिबाबाद । इंद्रप्रस्थ इंजीनियरिंग कॉलेज (आईपीईसी) के आईपीईसी टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेटर (आईपीईसी-टीबीआई) फाउंडेशन ने वाधवानी फाउंडेशन के सहयोग से "गो-टू-मार्केट एक्सीलेंस : स्केलिंग एसएमईज़ इन द डिजिटल एरा" विषय पर एक दिवसीय ग्रोथ वर्कशॉप का सफल आयोजन किया। कार्यशाला में लगभग 50 एमएसएमई उद्यमियों, उद्योग विशेषज्ञों एवं विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यशाला का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को डिजिटल युग में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दिलाने, नवीन व्यावसायिक रणनीतियों से परिचित कराने तथा उद्योग-जगत और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में साहिबाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसआईए) के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के उप निदेशक सुनील कुमार रहे। उन्होंने कहा कि भारत सरकार एमएसएमई क्षेत्र को नवाचार, डिजिटल परिवर्तन एवं तकनीक आधारित समाधानों के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने, उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने तथा डिजिटल तकनीकों के माध्यम से उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता एवं सतत विकास को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में साहिबाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष  दिनेश मित्तल, महासचिव मुकेश गुप्ता तथा गाजियाबाद आयरन मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं टेक्निकल इंस्टीट्यूशंस फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव डॉ. अतुल कुमार जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने एमएसएमई के लिए इस प्रकार का उपयोगी मंच उपलब्ध कराने हेतु आईपीईसी की सराहना की तथा उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी को समय की आवश्यकता बताया।

वाधवानी फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने कार्यशाला के दौरान गो-टू-मार्केट रणनीति, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित व्यवसायिक विकास, सेल्स एक्सीलरेशन, मार्केट एक्सपेंशन तथा व्यावहारिक ग्रोथ फ्रेमवर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने एमएसएमई उद्यमियों को बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाने, व्यवसाय का विस्तार करने तथा एआई आधारित तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर बेहतर व्यावसायिक परिणाम प्राप्त करने के लिए व्यावहारिक सुझाव दिए।

आईपीईसी के वाइस चेयरमैन  पुनीत अग्रवाल ने कहा कि संस्थान नवाचार, उद्यमिता एवं उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे कार्यक्रम उद्यमियों को आधुनिक व्यावसायिक ज्ञान, विशेषज्ञों से संवाद और दीर्घकालिक सहयोग के अवसर उपलब्ध कराते हैं, जिससे एमएसएमई क्षेत्र को नई दिशा मिलती है।

कार्यक्रम में आईपीईसी के डीन एकेडमिक्स प्रो. (डॉ.) अमित जैन, आईपीईसी-टीबीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) साजिद रज़ा तथा सपना शर्मा भी उपस्थित रहे और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद किया।

कार्यशाला का समापन एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें उद्यमियों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए, व्यवसाय से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की तथा विशेषज्ञों से व्यावहारिक समाधान प्राप्त किए। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं नेटवर्किंग के दृष्टिकोण से अत्यंत लाभकारी बताया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here