नई दिल्ली / मेरठ। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रसिद्ध कवि एवं लेखक डॉ. ईश्वर चंद ‘गंभीर’ की साहित्यिक रचनाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्हें समाज जागरण का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. 'गंभीर' की कविताएं और रचनाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अद्भुत क्षमता रखती हैं।
यह उद्गार श्री गडकरी ने नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर डॉ. 'गंभीर' से एक सौजन्य भेंट के दौरान व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. 'गंभीर' ने केंद्रीय मंत्री को अपनी प्रकाशित पुस्तकों का एक संग्रह भेंट किया।
सामाजिक चेतना की संवाहक लेखनी
डॉ. ईश्वर चंद ‘गंभीर’ अब तक 35 पुस्तकों के लेखक हैं, जिनमें सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, जनसंख्या नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय धरोहर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित साहित्य शामिल है। श्री गडकरी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि ऐसे रचनाकारों की रचनाएं अधिक से अधिक पाठकों तक पहुंचनी चाहिए, जिससे समाज में व्यापक जागरूकता फैलाई जा सके।
सम्मान और उपस्थिति
इस अवसर पर अखिल भारतीय हिंदी सेवा समिति के प्रदेश कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को अंगवस्त्र और पटका पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही, मेरठ के पूर्व सांसद व भाजपा संगठनात्मक चुनावों हेतु उत्तर प्रदेश अपीलीय समिति के चेयरमैन श्री राजेंद्र अग्रवाल भी इस सम्मान समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
साहित्यिक यात्रा को मिली नई पहचान
वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री द्वारा डॉ. 'गंभीर' के साहित्य की सराहना किए जाने से उनकी रचनाओं को नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। यह न केवल साहित्य जगत बल्कि समाज जागरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
No comments:
Post a Comment