मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘कोलाहल-2026’ का भव्य शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) एस.के. सिंह, डीन एकेडमिक डॉ. संजीव सिंह, डॉ. मधुबाला शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर और मीडिया हेड अजय चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर ‘कोलाहल-2026’ का औपचारिक उद्घाटन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना और गणेश पूजा से हुआ, जिसके बाद विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कवि सम्मेलन बना आकर्षण का केंद्र
उत्सव के दौरान आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि शंभू शिखर, डॉ. पी.के. आजाद, खुशबू शर्मा और प्रवीण शुक्ल ने समसामयिक विषयों पर आधारित कविताएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। उनकी ओजपूर्ण और भावनात्मक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों को देर तक बांधे रखा।
संगीत और नृत्य से सजी सांस्कृतिक संध्या
छात्र-छात्राओं ने बॉलीवुड और हॉलीवुड के नए-पुराने गीतों को संगीत वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। ग्रुप डांस की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
बैटल ऑफ बैंड में छाई सुरों की महफिल
शाम को आयोजित ‘बैटल ऑफ बैंड’ प्रतियोगिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। विभिन्न कॉलेजों की छह टीमों ने भाग लेकर अपनी-अपनी प्रस्तुतियों से सुरों की महफिल सजा दी। बैंड की धुनों पर छात्र-छात्राएं घंटों झूमते रहे। बॉलीवुड गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को सुरमयी और रूहानी बना दिया।
फैशन शो और डीजे नाइट ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फैशन शो रहा, जिसमें रजवाड़ा, वेस्टर्न, अरेबियन और पारंपरिक परिधानों की थीम पर आधारित प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक कर विविध परिधानों का आकर्षक प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। युवाओं ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
अंत में आयोजित डीजे नाइट में छात्र-छात्राओं ने गीतों की धुन पर जमकर नृत्य किया और उत्सव का आनंद लिया। ‘कोलाहल-2026’ के पहले दिन की प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को ऊर्जा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
No comments:
Post a Comment