सहारनपुर, 5 जून 2025। ग्लोकल विश्वविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और प्लास्टिक प्रदूषण के विरुद्ध रैली निकाली गई।
कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति निजामुद्दीन के संरक्षण, कुलपति प्रो. एच.एस. सिंह की प्रेरणा और कुलसचिव प्रो. शिवानी तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में आईक्यूएसी निदेशक प्रो. संजय कुमार, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. शोभा त्रिपाठी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजीव नांदल तथा इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल की संयुक्त भूमिका रही।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। प्रो. संजय कुमार ने स्वागत भाषण में इस वर्ष की थीम “Ending Global Plastic Pollution” के महत्व पर प्रकाश डाला। निजामुद्दीन ने प्लास्टिक को “धीमा ज़हर” बताते हुए इसके खतरनाक प्रभावों पर चिंता व्यक्त की और आम जनमानस में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई। कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण न केवल जल, थल और वायु को प्रभावित करता है, बल्कि यह हमारे शरीर में प्रवेश कर जैविक संरचना को भी नुकसान पहुंचाता है।
मुख्य अतिथि, ग्राम प्रधान राव अब्दुल कादिर ने प्लास्टिक से दूरी बनाकर कपड़े के थैलों के उपयोग पर बल दिया। डॉ. मोहम्मद यूसुफ ने प्लास्टिक पुनर्चक्रण की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी। छात्राओं सलोनी धीमान, जेसिका गुप्ता और ईशा पाल ने विषय पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम के उपरांत छात्रों द्वारा एक शांतिपूर्ण रैली निकाली गई, जिसमें प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण का संदेश दिया गया। इसके बाद परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर फातिमा परवीन आकील ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डीन प्रो. शोभा त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य, उपप्राचार्य प्रो. हिना राजपूत, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष, डीएसडब्ल्यू टीम के सदस्य, शिक्षकगण—डॉ. दिलीप, डॉ. असगर अली, शशांक, सृष्टि सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment