द प्रेस क्लब की सदस्यता अभियान की जोरदार शुरुआत, पहले दिन मिले 72 आवेदन
मेरठ। शहर के पत्रकारों को साझा मंच से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को मंगल पांडे नगर स्थित प्रेस क्लब भवन में “द प्रेस क्लब” की बैठक आयोजित हुई। अध्यक्षता रवि शर्मा ने की और संचालन संयोजक दिनेश चन्द्रा ने किया। बैठक में विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।
द प्रेस क्लब द्वारा 1 से 15 सितंबर 2025 तक सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। पहले ही दिन शाम 5 बजे तक कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए। मेरठ समाचार के पत्रकार संजय गौतम ने पहला आवेदन सौंपकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। निर्णय लिया गया कि 15 सितंबर के बाद सदस्यता प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी और समिति क्लब के संविधान के अनुसार नए सदस्य शामिल करेगी।
अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों का साझा मंच है और यह उनके अधिकार व सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। वरिष्ठ पत्रकारों ने इसे पत्रकारों की एकता और सहयोग की पहचान बताया।
बैठक में प्रेस क्लब की वेबसाइट बनाने और पहचान पत्र पर क्यूआर कोड जारी करने की घोषणा की गई। अंत में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) ने अभियान को सफल बनाने और प्रेस क्लब को मेरठ में पत्रकारों की सशक्त आवाज़ बनाने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment