एकेटीयू के कुलपति प्रो. जे.पी. पांडे वितरित करेंगे 1108 विद्यार्थियों को उपाधियां
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) में 26 फ़रवरी को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) के कुलपति प्रो. (डॉ.) जे.पी. पांडे करेंगे। इस अवसर पर वर्ष 2025 के कुल 1108 छात्र-छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
संस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीटेक के 718, बी.फार्मा के 68, एमबीए के 176, एमसीए के 113, एमटेक के 12 तथा एमफार्मा के 21 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी।
दीक्षांत समारोह के दौरान कुलपति प्रो. जे.पी. पांडे द्वारा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में वीएलएसआई डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी तथा सेंटर फॉर ड्रोन टेक्नोलॉजी का उद्घाटन भी किया जाएगा। एमटेक (सीएसई) में विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तनु त्यागी को गोल्ड मेडल तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रज्ञा जैन को सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बीटेक कंप्यूटर साइंस की तन्वी बंसल, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के दीपक शर्मा, एमबीए की मनीका कंसल, बायोटेक्नोलॉजी की प्रशस्ति एवं विक्षिका तथा एमसीए की नंदनी अग्रवाल को विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करने पर रैंक मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दीक्षांत एवं मनोहर को टेक्नोलॉजी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप, मोहित को सस्टेनेबिलिटी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप तथा सार्थक सिसोदिया को एक्सेसिबिलिटी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप अवार्ड प्रदान किया जाएगा।
दीक्षांत समारोह के उपरांत इंडस्ट्री-अकादमिक इंटरैक्शन कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें उद्योग जगत की चुनौतियों और उनके संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श होगा। कार्यक्रम में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन, मेरठ मैनेजमेंट एसोसिएशन सहित मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स स्पोर्ट्स गुड्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, हेवी व्हीकल तथा बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
प्रेस वार्ता में एमआईईटी के प्रेस प्रवक्ता अजय चौधरी, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह, रजिस्ट्रार शिवपूजन सिंह, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हनी तोमर तथा डॉ. मधुबाला शर्मा उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment