मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित वेंक्टेश्वरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (विम्स) ने पूरे जुलाई माह जरूरतमंद मरीजों के लिए सभी प्रकार के उपचार, ऑपरेशन, जांच, दवाइयां, भर्ती, भोजन एवं आवास की सुविधा पूर्णत: निशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की है। यह विशेष सेवा 6 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होगी।
वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'स्वस्थ भारत–आरोग्य भारत' मिशन को सफल बनाने के लिए केवल एक दिन का मुफ्त उपचार पर्याप्त नहीं है। यदि देश के बड़े अस्पताल वर्ष में कम से कम एक माह निशुल्क उपचार दें, तो आर्थिक अभाव के कारण किसी मरीज की जान नहीं जाएगी।
समूह के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने बताया कि इस अवधि में मरीजों को एक्स-रे, ईसीजी, अल्ट्रासाउंड सहित सभी पैथोलॉजी जांच, छोटे-बड़े एवं जटिल ऑपरेशन, दवाइयां तथा अस्पताल में रहने और भोजन की सुविधा भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वेंक्टेश्वरा समूह सामाजिक दायित्व के तहत हर वर्ष जुलाई माह में यह सेवा जारी रखेगा।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. कृष्ण कान्त दवे, डीन मेडिकल डॉ. प्रभु एम.एच., एमएस डॉ. शिरीष पाटिल, एडिशनल मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अमित जैन, सीओओ मेघा सबरवाल सहित संस्थान के वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment