मेरठ, 25 जून।
विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में खाद्य कारोबारियों के शत-प्रतिशत लाइसेंस एवं पंजीकरण को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी खाद्य व्यवसाय बिना लाइसेंस संचालित न हो। बैठक में इस्कॉन मंदिर के प्रतिनिधियों सहित अन्य प्रतिष्ठानों को ‘ईट राइट स्कूल’, ‘ईट राइट कैम्पस’ और ‘भोग’ प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
एफएसएसएआई की योजनाओं—‘क्लीन स्ट्रीट हब’ और ‘क्लीन एंड फ्रेश फूड एंड वेजिटेबल मार्केट’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर मिठाई, जूस और फल विक्रेताओं की नियमित जांच तथा कटे फलों की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों के अंतर्गत कांवड़ मार्ग पर खाद्य प्रतिष्ठानों की गुणवत्ता जांच, रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और ढाबों का निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों व मेडिकल कॉलेजों में संचालित मैस की जांच के भी निर्देश दिए गए।
नकली दवाओं की बिक्री को लेकर औषधि निरीक्षकों को कड़ी चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी ने प्रभावी निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मचारी और ड्रग एंड केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment