विद्यार्थियों ने 100 से अधिक आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर जीता मन
मेरठ। सर्वहितकारी इंटर कॉलेज, किनानगर में विद्यालय स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम से किया गया। प्रदर्शनी का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विवेक शुक्ला ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को विज्ञान और नवाचार की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान ही प्रगति का आधार है और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच का विकास समय की आवश्यकता है।
कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने इस प्रदर्शनी में सक्रिय भागीदारी की और अनेक आकर्षक व उपयोगी वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। ए.टी.एम. मशीन, डी.एन.ए. मॉडल, माइक्रोस्कोप, चंद्रयान-3, मंडल न्यूक्लियर पावर प्लांट और ज्वालामुखी इस प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए 100 से अधिक मॉडलों ने न सिर्फ विद्यालय परिवार, बल्कि उपस्थित अतिथियों और दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. प्रवीन शर्मा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि छात्रों में समस्या-समाधान क्षमता और नवाचार की भावना को भी विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का यह प्रयास विद्यालय की शैक्षिक उत्कृष्टता का परिचायक है।
इस प्रदर्शनी का सफल आयोजन जीवविज्ञान प्रवक्ता अनूप कुमार के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। इसके साथ ही विद्यालय के शिक्षकगण सचिन मित्तल, कपिल भारती, जगपाल, मनोज, राजकुमार तथा अन्य सभी शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
विज्ञान प्रदर्शनी ने जहाँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, वहीं विद्यालय के विज्ञान और नवाचार के प्रति समर्पण को भी उजागर किया। उपस्थित जनों ने एकमत होकर कहा कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक और शोधकर्ता बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

No comments:
Post a Comment