उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक बोले – “स्वस्थ भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश निभा रहा अग्रणी भूमिका”
मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के विम्स सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक डायलिसिस यूनिट एवं विश्वस्तरीय मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का भव्य शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री बृजेश पाठक द्वारा किया गया। इस अवसर पर आयोजित “शिक्षक-चिकित्सक संवाद 2026” कार्यक्रम में चिकित्सा एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वस्थ भारत-आरोग्य भारत” मिशन को साकार करने में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” योजना से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिली है और मेडिकल शिक्षा में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
वेंक्टेश्वरा समूह के संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने कहा कि संस्थान पिछले ढाई दशक से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उत्कृष्ट शिक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। वहीं प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने बताया कि जल्द ही हॉस्पिटल में कैथ लैब, न्यूरो एवं गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी यूनिट भी शुरू की जाएगी।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कृष्णकांत दवे, डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, डॉ. शिशिर पाटिल, डॉ. अमित जैन सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment