News UP 24x7

RNI No:- UP56D0024359

Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 7, 2026

एकेटीयू दीक्षांत समारोह में एमआईईटी के विद्यार्थियों को मिला 'बेस्ट स्टार्टअप अवॉर्ड'

एक्सआर और एआई तकनीक से शिक्षा को दे रहे नई दिशा




मेरठ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ के 24वें दीक्षांत समारोह में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के विद्यार्थियों ने स्टार्टअप नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की। समारोह में उत्तर प्रदेश के पांच उत्कृष्ट स्टार्टअप्स को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें वीमेन-लेड स्टार्टअप श्रेणी में एमआईईटी की बीटेक छात्रा इर्तिका रहमान अंसारी एवं यश तोमर के स्टार्टअप WeXR Immersive Pvt. Ltd. को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।

राजधानी लखनऊ में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्य अतिथि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के चेयरमैन अरविंद सिंह साहनी, प्राविधिक शिक्षा मंत्री ई. आशीष पटेल, प्रमुख सचिव डॉ. एम.के. शनमुगा सुंदरम तथा एकेटीयू के कुलपति डॉ. जे.पी. पांडेय की उपस्थिति में विजेताओं को सम्मानित किया।

WeXR Immersive Pvt. Ltd. के संस्थापक यश तोमर एवं सह-संस्थापक इर्तिका रहमान अंसारी द्वारा स्थापित यह एक्सआर (वर्चुअल रियलिटी, ऑगमेंटेड रियलिटी और मिक्स्ड रियलिटी) तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित एडटेक स्टार्टअप पारंपरिक शिक्षा को इमर्सिव एवं प्रायोगिक अनुभव में बदलने की दिशा में कार्य कर रहा है। पिछले दो वर्षों से विकसित किए जा रहे इस स्टार्टअप का पंजीकरण अगस्त 2025 में हुआ था।

स्टार्टअप का प्रमुख समाधान WeXR NEXA Virtual Labs विद्यार्थियों को एआई आधारित वर्चुअल लैब में प्रयोग करने की सुविधा प्रदान करता है, जिससे सीमित संसाधनों वाले स्कूलों और कॉलेजों के छात्र भी 'लर्निंग बाय डूइंग' के माध्यम से व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। कंपनी ने गाजियाबाद जल निगम के लिए जल संरक्षण जागरूकता पर वर्चुअल रियलिटी सिमुलेशन तथा फायर सेफ्टी एवं इमरजेंसी इवैक्यूएशन ड्रिल के लिए प्रशिक्षण आधारित इमर्सिव समाधान भी विकसित किए हैं। संस्थापकों का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा और कौशल विकास को अधिक सुलभ, प्रभावी और किफायती बनाना है।

इस उपलब्धि पर एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, बरखा अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय कुमार सिंह तथा एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम के सीईओ रेहान अहमद ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि एमआईईटी के विद्यार्थी भविष्य में भी तकनीकी नवाचार के माध्यम से देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here