मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में सोमवार को विश्वकर्मा जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया और सभी को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण अग्रवाल ने संदेश देते हुए कहा कि विश्वकर्मा जयंती सिर्फ धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि इंजीनियरों के लिए प्रेरणा, नवाचार और समाजसेवा का प्रतीक है। उन्होंने इसे तकनीकी विकास और रचनात्मकता को नई दिशा देने वाला दिन बताया।
वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निष्ठा, परिश्रम और उत्कृष्टता ही जीवन और करियर में सफलता का मार्ग है। वक्ताओं ने तकनीकी ज्ञान और अनुशासन को राष्ट्र निर्माण की सशक्त नींव बताते हुए छात्रों को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों को आत्मसात कर अपने जीवन में रचनात्मकता, नवाचार और सत्यनिष्ठा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
समारोह का समापन इस प्रतिबद्धता के साथ हुआ कि एमआईईटी तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में सतत रूप से उत्कृष्टता, नवाचार और उद्योगशीलता को प्रोत्साहित करता रहेगा।
इस अवसर पर डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह, डीन फर्स्ट ईयर डॉ. विनीत, विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन कुमार शर्मा, डॉ. पियूष गुप्ता तथा मुस्तफा सैफी सहित कई गणमान्य शिक्षक व अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment